जयपुर। राजधानी के हवामहल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कोर्ट के कड़े रुख और आदेश के बाद जयपुर के गलता गेट थाने में विधायक के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। मामला एक मौजूदा जनप्रतिनिधि से जुड़ा होने के कारण अब इसकी जांच सीधे सीआईडी-क्राइम ब्रांच (CID-CB) को सौंप दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान हाईकोर्ट के अधिवक्ता मोहम्मद याकूब खान की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है। याकूब खान के भाई मोहम्मद आरिफ सेशन जज कैडर के न्यायिक अधिकारी हैं, जो वर्तमान में जयपुर से बाहर तैनात हैं। शिकायत के अनुसार, न्यायिक अधिकारी ने जुलाई 2025 में जयपुर के बास बदनपुरा स्थित मीणा कॉलोनी में एक मकान खरीदा था।
आरोप है कि 10 दिसंबर 2025 की सुबह विधायक बालमुकुंद आचार्य अपने समर्थकों और कुछ अधिकारियों के साथ इस मकान के बाहर पहुंचे। शिकायत में कहा गया है कि विधायक ने वहां अभद्र और धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले बयान दिए और परिवार पर मकान बेचकर इलाके से जाने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस की अनदेखी के बाद कोर्ट का सहारा
शिकायतकर्ता एडवोकेट याकूब का कहना है कि दिसंबर 2025 में घटना के तुरंत बाद पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया। पुलिस स्तर पर कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए, जिसके बाद गलता गेट थाना पुलिस ने आपराधिक साजिश, वैमनस्य फैलाने और धमकाने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
अब सबकी नजरें सीआईडी-सीबी की जांच पर टिकी हैं, जो इस हाई-प्रोफाइल मामले की तहकीकात करेगी।


