डीग (राजस्थान) । भारतीय राजनीति में जोड़-तोड़ और सियासी दांव-पेच के कई किस्से देखे गए हैं, लेकिन राजस्थान के डीग जिले की बृज नगर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव ने सबको हैरान कर दिया है। यहाँ प्रधान प्रत्याशी बती कुमारी गुर्जर ने एक ही दिन में कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय-तीनों रूपों में नामांकन दाखिल कर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों को चौंका दिया और निर्विरोध प्रधान की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया।
तीन नामांकन और तीन अलग-अलग अंदाज
मीडिया रिपोर्ट्स और सामने आए वीडियो के अनुसार, बती कुमारी ने चुनाव के दिन बेहद सधे हुए अंदाज में अपनी रणनीति को अंजाम दिया। बती कुमारी ने इससे पहले वार्ड संख्या 14 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीता था। वे बृज नगर पंचायत समिति के पूर्व प्रधान अर्जुन प्रधान की पुत्रवधू हैं।
पहला दांव (कांग्रेस का हाथ): डीग से मिली सूचनाओं के अनुसार, बती कुमारी सबसे पहले लाल रंग की साड़ी और घूंघट में पूर्व कांग्रेस विधायक वाजिब अली की मौजूदगी में पहुंचीं और कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर पहला नामांकन दाखिल किया।
दूसरा दांव (भाजपा का कमल): कुछ ही समय बाद वे बदली हुई वेशभूषा में राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के साथ नजर आईं और भाजपा के चुनाव चिह्न पर अपना दूसरा पर्चा दाखिल कर दिया। एक ही प्रत्याशी को दोनों कट्टर प्रतिद्वंद्वी दलों का सिंबल मिलना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया।
तीसरा दांव (निर्दलीय उम्मीदवार): इसके अलावा उन्होंने एक अलग परिधान में बिना घूंघट के पहुंचकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में तीसरा नामांकन भी जमा कराया।


