बीकानेर। आयुष्मान हार्ट केयर सेंटर और डॉक्टर बी.एल. स्वामी से पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आयुष्मान हार्ट अस्पताल पीड़ित संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आज अपने 22वें दिन में भी जारी रहा। कांग्रेस प्रदेश सचिव और जुझारू युवा नेता रामनिवास कुकणा के नेतृत्व में पीड़ितों को न्याय दिलाने का यह विरोध प्रदर्शन स्थानीय लोगों को रियायत और न्याय की मांग को लेकर जारी है।
बीकानेर से प्राप्त जानकारी के अनुसार जहां पीड़ित परिवार अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं, वहीं धरने में शामिल पीड़ितों का आरोप है कि आयुष्मान हार्ट केयर सेंटर और डॉ. बी.एल. स्वामी की लापरवाही के कारण कई मरीजों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। कुछ मामलों में मरीजों की मृत्यु तक हो गई। पीड़ित परिवारों का कहना है कि अस्पताल द्वारा गलत उपचार, अत्यधिक बिल वसूली और चिकित्सीय लापरवाही के चलते उनकी जिंदगी तबाह हो गई। वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
रामनिवास कुकणा ने धरने को संबोधित करते हुए कहा, हमारी लड़ाई केवल पीड़ित परिवारों के लिए नहीं, बल्कि उन सभी के लिए है जो चिकित्सा क्षेत्र में हो रही अनियमितताओं का शिकार हो रहे हैं। हम तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिल जाता। साथ ही कुकणा ने कहा कि हम आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं, लेकिन पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाकर ही मानेंगे।
इस धरने में सक्रिय भूमिका में पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार गोदारा ने कहा कि हम अब तक गांधीवादी तरीके से अपनी लड़ाई लड़ रहे थे, लेकिन अब भगतसिंह का रास्ता अपनाना पडेÞगा। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हरीराम गोदारा ने कहा कि जिलेभर के युवाओं का निरंतर बढ़ता आक्रोश अनियंत्रित हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर हेतराम गोदारा, ओमप्रकाश भादू, भागीरथ ज्यानी, जगदीश सियाग, जेठाराम कुमावत सहित सैंकड़ों की संख्या में लोग धरने पर उपस्थित रहे।


