जयपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बने काम के दबाव में जयपुर में सेवारत बीएलओ ने आज आत्महत्या कर ली। काम का दबाव और अधिकारियों की ओर से मिल रही सस्पेंड की धमकियों ने राज्य कर्मचारी की जान ले ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपुर स्थित कालवाड़ के धर्मपुरा निवासी मुकेश कुमार जांगिड़ राजकीय प्राथमिक विद्यालय नारी का बास में अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। बीएलओ के कामकाज की जिम्मेदारी मुकेश को मिली हुई थी और जयपुर के ही झोटवाड़ा विधानसभा में धर्मपुरा भाग संख्या 175 में वह बूथ लेवल अधिकारी यानी बीएलओ थे।
मृतक बीएलओ मुकेश कुमार के छोटे भाई गजानंद जांगिड़ से मिली सूचना के अनुसार मुकेश सुबह साढे चार बजे ही घर से निकल जाते थे और बीएलओ की जिम्मेदारी निभा रहे थे। आज भी सुबह साढे चार बजे निकल गए थे। लेकिन अपनी मोटरसाइकिल को बिंदायका फाटक के पास खड़ी कर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने चले गए और आत्महत्या कर ली, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना अल सुबह की थी, जिसके बाद पुलिस ने करीब 5:10 बजे परिवार जनों को मुकेश के आत्महत्या की जानकारी दी।
मृतक के पास तलाशी के दौरान चाबियां, पांच सौ का नोट, तीन चार पर्चियां और सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने राज्य सरकार के Special Intensive Revision कार्यक्रम से परेशान होने और एसआईआर इंचार्ज सीताराम बुनकर द्वारा बार-बार फोन पर काम का दबाव बनाने तथा सस्पेंड करने की धमकी देने की बात कही बताई जा रही है।


